
आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 से पहले एशियाई क्रिकेट टीमों के बीच एक बड़ा टूर्नामेंट होने जा रहा है। 27 अगस्त से एशिया की 6 प्रमुख टीमों के बीच एशिया कप (Asia Cup 2022) की जंग की शुरुआत होने जा रही है। 15वें संस्करण में भारतीय क्रिकेट टीम को प्रबल दावेदार के रूप में माना जा रहा है।
भारतीय क्रिकेट टीम डिफेंडिंग चैंपियन बनने के इरादें से उतरेगी, तो वहीं भारत इस इवेंट की सबसे सफलतम टीम रही है। टीम इंडिया ने 7 बार खिताब पर कब्जा किया है। इस बार कई प्रमुख खिलाड़ी अपने पूरे जोर-शोर से उतरने को तैयार हैं।
भारत के लिए एशिया कप में एक से एक बड़े दिग्गज खेले हैं। इनमें से आपको हम इस आर्टिकल में बताते हैं वो 3 भारतीय बल्लेबाज जिनके नाम है सबसे ज्यादा छक्के।
भारत के इन 3 बल्लेबाजों के नाम हैं एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के
3. महेंद्र सिंह धोनी – 16 छक्के
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने लंबे समय तक कप्तानी की। धोनी का इंटरनेशनल क्रिकेट में जबरदस्त योगदान रहा है, जहां शुरुआती दौर में वो खूब छक्के लगाया करते थे। धोनी ने वैसे अपने करियर के अंतिम कुछ सालों में छक्के लगाने कम कर दिए, लेकिन इसके बावजूद भी भारत की तरफ से एशिया कप में उनके नाम तीसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं।
एमएस धोनी 2008 से 2018 तक एशिया कप में शिरकत करते नजर आये। इस दौरान उन्होंने खेले 24 मैच की 20 पारियों में 16 छक्के लगाए। धोनी ने अपने एशिया कप के करियर में 69 की जबरदस्त औसत के साथ 690 रन भी बनाए।
2. सुरेश रैना – 18 छक्के
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज सुरेश रैना का खास प्रभाव रहा। सुरेश रैना भारत के लिए सीमित ओवर की क्रिकेट में मिडिल ऑर्डर की जान रहे हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए खेलते हुए खूब मैच जीताए। रैना ने 2020 में संन्यास की घोषणा की। लेकिन उनका नाम एशिया कप के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक में शुमार रहा है।
इस बल्लेबाज ने एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया है। उनके नाम इस इवेंट में 18 छक्के दर्ज हैं। उन्होंने एशिया कप में 18 मैचों की 16 पारियों में करीब 49 की औसत से 586 रन भी बनाए।
1. रोहित शर्मा- 21 छक्के
टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा इस बार एशिया कप में भारत की कमान संभालते नजर आएंगे। रोहित बतौर कप्तान एशिया कप में एक और खिताब जीतना चाहेंगे। हिटमैन का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में जोरदार प्रदर्शन रहा है। आज के दौर के सीमित ओवर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने का काम किया है।
उन्होंने 27 मैच की 26 पारियों में 21 छक्के जड़े हैं। इसके अलावा उन्होंने 42.04 की शानदार औसत के साथ 883 रन बनाए हैं।