
साल 2022 में 50 ओवर के फॉर्मेट में भारतीय क्रिकेटरों का दबदबा रहा है। लिस्ट-ए घरेलू क्रिकेट हो या इंटरनेशनल वनडे, भारतीयों ने खूब रन बनाए हैं। कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने इस साल रनों के लिए संघर्ष किया है, लेकिन 2022 के लिस्ट-ए मैचों में भारतीयों के बीच चार युवाओं ने दोहरा शतक बनाया है।
इस साल से पहले, रोहित शर्मा, शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, संजू सैमसन और करणवीर कौशल ऐसे भारतीय थे जिन्होंने 50 ओवर के मैचों में दोहरा शतक बनाया था। तो आज हम आपको उन 4 भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे है जिन्होंने साल 2022 में दोहरा शतक जड़ने का कारनामा करके दिखाया है।
1. ईशान किशन
वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में ईशान किशन (Ishan Kishan) रोहित शर्मा, वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर के साथ शामिल हो गए है। किशन ने ज़हूर अहमद चौधरी स्टेडियम में तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मैच में बांग्लादेश के खिलाफ खेलते हुए उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने 131 गेंद में 210 रन की बेहतरीन पारी खेलकर सभी को प्रभावित किया। अपनी इस पारी में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 24 चौके और 10 छक्के भी लगाए।
2. ऋतुराज गायकवाड़
ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) इस साल की विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान टॉप फॉर्म में थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ शानदार 220 (159) रनों की पारी खेलकर दिखाई। फैंस को ध्यान देना चाहिए कि यह एक नॉकआउट मैच था और गायकवाड़ ने एक ओवर में 7 छक्के भी लगाए थे। उन्होंने पूरी पारी में 10 चौके और 16 छक्के लगाए।
उनकी इस पारी की मदद से महाराष्ट्र ने ये मैच 58 रन से अपने नाम कर लिया था। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में 5 मैच खेले 220 के औसत की मदद से 660 रन बनाये। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक देखने को मिले है।
3. नारायण जगदीसन
अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी मैच में तमिलनाडु के लिए खेलते हुए नारायण जगदीशन (Narayan Jagadeesan) ने 141 गेंदों पर 277 रन बनाए। उन्होंने एक लिस्ट-ए पारी में सर्वाधिक रनों का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपनी यादगार पारी में 25 चौके और 15 छक्के लगाए।
वो विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामलें में पहले स्थान पर रहे। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 8 मैच खेले और 138.33 के औसत की मदद से 830 रन अपने नाम किये है। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक देखने को मिले है।
4. समर्थ व्यास
समर्थ व्यास (Samarth Vyas) ने विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में दिल्ली में मणिपुर के खिलाफ दोहरा शतक भी बनाया था। लीग दौर में सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए व्यास ने 131 गेंदों में 200 रन बनाए, जिसमें 20 चौके और नौ छक्के लगाए। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह निकट भविष्य में भारतीय वनडे टीम में जगह बनाते हैं या नहीं।
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में 10 मैच खेले और 44.30 के औसत की मदद से 443 रन अपने खाते में जोड़ने में कामयाब रहे है। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक देखने को मिले है।